बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी पर सांसद विजय बघेल का बड़ा कदम


दुर्ग लोकसभा की जनता की लगातार मांग पर रेलवे महाप्रबंधक से चर्चा, दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग

दुर्ग। सावन के पवित्र माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल जी ने तत्काल पहल करते हुए बिलासपुर रेलवे के महाप्रबंधक (SECR) से चर्चा की।

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा लगातार सांसद श्री विजय बघेल जी से संपर्क कर दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की मांग की जा रही थी। जनता की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद श्री विजय बघेल जी ने आज रेलवे GM से दूरभाष पर चर्चा कर ट्रेन क्रमांक 13287 दुर्ग–दानापुर में अतिरिक्त बोगी/कोच लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद श्री विजय बघेल जी ने रेलवे प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि सावन के महीने में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए दानापुर मार्ग से यात्रा करते हैं। वर्तमान में भारी वेटिंग के कारण अनेक श्रद्धालुओं को टिकट नहीं मिल पा रहा है और उन्हें यात्रा को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल रेल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक यात्रा से जुड़ा विषय है। इसलिए सावन के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे को संवेदनशीलता के साथ तत्काल आवश्यक व्यवस्था करनी चाहिए।

जनता ने मांग की, सांसद ने तुरंत आवाज उठाई

दुर्ग लोकसभा के नागरिकों द्वारा लगातार सांसद श्री विजय बघेल जी के समक्ष यह मांग रखी जा रही थी। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने बिना विलंब के रेलवे के उच्च अधिकारियों से सीधे चर्चा कर अतिरिक्त कोच की व्यवस्था के लिए पहल शुरू कर दी है।

सांसद श्री विजय बघेल जी ने कहा कि दुर्ग लोकसभा की जनता की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं। जनता जब भी किसी आवश्यकता या परेशानी को लेकर उनसे संपर्क करती है, वे उसे संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष पूरी गंभीरता से रखते हैं।

उन्होंने रेलवे प्रशासन से अपेक्षा जताई कि सावन के दौरान बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या और वेटिंग की स्थिति को देखते हुए दुर्ग–दानापुर ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

सांसद की इस पहल से दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से बाबाधाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

— जारीकर्ता
दुर्ग लोकसभा सांसद कार्यालय


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *