दुर्ग। गणपति विहार कॉलोनी, बोरसी (दुर्ग) में प्रस्तावित सांस्कृतिक मंच का भूमिपूजन दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल के करकमलों से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सांस्कृतिक मंच निर्माण की शुरुआत का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल के साथ मन्नूलाल परगनिहा, महेश शर्मा, अभय अग्रवाल एवं प्रवीण पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेंद्र शर्मा ने किया।
अपने उद्बोधन में सांसद श्री विजय बघेल ने सभी क्षेत्रवासियों को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणपति विहार कॉलोनी आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी दो भागों में होने के बावजूद यहां के लोगों का आपसी स्नेह, प्रेम और एकता अनुकरणीय है।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और आज उसका विधिवत भूमिपूजन किया गया है। पूरा प्रयास रहेगा कि यह मंच गणेश चतुर्थी तक गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाए, ताकि यहां धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का बेहतर आयोजन हो सके।
कार्यक्रम के उपरांत सांसद श्री विजय बघेल ने वरिष्ठ समाजसेवी श्री मन्नूलाल परगनिहा के 85वें जन्मदिवस के अवसर पर उनके निवास पहुंचकर परिवारजनों एवं शुभचिंतकों के साथ केक काटा तथा उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वृक्षारोपण कार्य भी किया गया जिसमें नीम के पौधे लगाए गए इस आत्मीय अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने भी श्री परगनिहा का सम्मान करते हुए जन्मदिवस की बधाई प्रेषित की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

