Crime News: जिले में युवक की निर्मम हत्या, पत्थर से कुचलकर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस - Balaji 36 News

Crime News: जिले में युवक की निर्मम हत्या, पत्थर से कुचलकर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस


बिलासपुर।  सिरगिटी थाना क्षेत्र के गणेश नगर में एक युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने युवक की हत्या कर शव को मौके पर छोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने गणेश नगर क्षेत्र में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना सिरगिटी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ भी की है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इरफ़ान बघीरा के रूप में हुई है। हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

जांच टीम मृतक से जुड़े लोगों, उसके संपर्कों और हाल के दिनों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को देर रात अंजाम दिया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद गणेश नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *