होली पर्व के दौरान विशेष सघन जांच अभियान – शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 88 वाहन चालकों पर वैधानिक कार्यवाही - Balaji 36 News

होली पर्व के दौरान विशेष सघन जांच अभियान – शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 88 वाहन चालकों पर वैधानिक कार्यवाही


▪️ होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था एवं सुचारू यातायात संचालन हेतु जिले में विशेष सघन जांच अभियान संचालित

▪️ जिले के 25 संवेदनशील चौक-चौराहों पर 24 घंटे फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाकर लगातार चेकिंग की गई

▪️ दिनांक 02 मार्च से 04 मार्च के बीच 88 वाहन चालक शराब सेवन उपरांत वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत कार्यवाही

▪️ सघन चेकिंग एवं प्रभावी निगरानी के कारण होली के दिन जिले में किसी भी प्रकार की गंभीर सड़क दुर्घटना नहीं हुई

होली पर्व के अवसर पर संभावित भीड़, उत्सव के दौरान बढ़ते यातायात दबाव एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में विशेष सघन जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के 25 प्रमुख एवं संवेदनशील चौक-चौराहों का पूर्व चिन्हांकन कर वहाँ दिन एवं रात्रि में स्थायी जांच बिंदु स्थापित किए गए थे।

इन जांच बिंदुओं पर नियुक्त अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा ब्रीथ एनालाइज़र के माध्यम से वाहन चालकों की नियमित जांच की गई, ताकि शराब सेवन कर वाहन चलाने जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

दिनांक 02 मार्च से 04 मार्च 2026 के मध्य विभिन्न जांच प्वाइंट्स पर की गई कार्यवाही के दौरान कुल 88 वाहन चालक शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए। संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उनके वाहन जप्त किए गए तथा समस्त प्रकरण माननीय न्यायालय में दिनांक 06 मार्च 2026 को प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस दौरान पुलगांव चौक, पटेल चौक, ग्रीन चौक, जेल तिराहा, नेहरू नगर चौक, सेक्टर-9 चौक, 25 मिलियन चौक, अवंती बाई चौक, छावनी चौक, खुर्सीपार चौक, मुर्गा चौक, डीपीएस चौक, जुनवानी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगातार जांच की गई।

▪️ सराहनीय कार्य :

उक्त अभियान के सफल संचालन में यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा लगातार दिन-रात्रि ड्यूटी कर प्रभावी चेकिंग की गई, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।

▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *