जेब में सोना-चांदी लेकर भाग रहा था चोर, पुलिस जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा - Balaji 36 News

जेब में सोना-चांदी लेकर भाग रहा था चोर, पुलिस जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 9 दिसंबर की रात पुलिस की सतर्क गश्त ने बड़ी चोरी की घटना को विफल कर दिया। सिविल लाइन क्षेत्र में मंगला चौक पर गश्त कर रहे पुलिस जवानों को देखते ही एक युवक भागने लगा।

शक होने पर जवानों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर धुरीपारा इलाके में पकड़ लिया। युवक के जैकेट से सोने-चांदी के जेवर, नोट और सिक्के बरामद हुए, जिसे उसने टीचर के घर से चोरी किया था।

घटना रात करीब 1 बजे की है। सिविल लाइन थाने के आरक्षक सोनू पाल और आशीष राठौर को टीआई एसआर साहू ने शांति नगर तक पैदल गश्त करने के निर्देश दिए थे।

गश्त के दौरान एक युवक तेजी से पीछे मुड़कर भागते देखा गया। जवानों ने तुरंत उसका पीछा किया और पेट्रोलिंग टीम की मदद से उसे पकड़ लिया। पूरी घटना इलाके के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें आरोपी को भागते और पुलिस जवानों को उसका पीछा करते देखा जा सकता है।

आरोपी की पहचान सकरी निवासी संजय ध्रुव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान जैकेट भारी महसूस होने पर जवानों ने जांच की। जैकेट फाड़ने पर उसमें सोने-चांदी के गहने, नोट और सिक्के छिपे मिले।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने देवेंद्र नगर स्थित टीचर चंद्रभान सिंह ठाकुर के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की थी। पुलिस मौके पर गई और चोरी के सामान का मिलान कराया।

आरोपी से कुल 1.25 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कड़कड़ाती ठंड में मुस्तैदी दिखाने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने जवानों की सराहना की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *