रायपुर रेल मंडल में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर चलाया जा रहा है विशेष अभियान |  - Balaji 36 News

रायपुर रेल मंडल में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर चलाया जा रहा है विशेष अभियान | 


रायपुर – 20 नवम्बर 2025
मंडल रेल प्रशासन द्वारा रेल परिसर एवं चलती ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता-जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली गाड़ियों में तैनात ओबीएचएस (OBHS) स्टाफ एवं पैंट्रीकार कर्मचारियों को वाणिज्य विभाग के सुपरवाइजरों, वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम तथा स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा गार्बेज डिस्पोज़ल मैनेजमेंट के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है |
अभियान के दौरान प्रतिदिन मंडल  के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, भाटापारा  सहित सभी प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली विभिन्न गाड़ियों के ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग स्टाफ (OBHS), पैंट्रीकार व क्लीन ट्रेन स्टाफ (CTS) से संवाद स्थापित कर गाड़ियों में कचरा संग्रहण, वर्गीकरण, सुरक्षित निस्तारीकरण, यात्रियों को स्वच्छता हेतु प्रेरित करने तथा ट्रेनों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं । स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर देते हुए उन्हें नियमित, जिम्मेदार एवं सुरक्षित कचरा निपटान के लिए प्रेरित किया जा रहा है | इसी कड़ी में दिनांक 19 नवंबर 2025 को मुख्य वाणिज्य निरीक्षक वाणिज्य विभाग की टीम ने दुर्ग विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन के स्टाफ को सुरक्षित कचरा निपटान के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे रायपुर मंडल में चलाया जा रहा है, ताकि ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा व्यवस्थित हो सके। इस प्रकार की पहलें स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और कर्मचारियों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करती है।
रायपुर मंडल यात्रियों से भी अपील करता है कि वे ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत के इस अभियान में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *