भिलाई। श्री शंकराचार्य टेक्निकल कैंपस एवं श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में नवंबर 2025 में दो प्रमुख आयोजनों-“हैकथॉन 2K25 – हैकबायोस” और “संविद–टेक्नो कल्चर फेस्ट 2K2025”- का आयोजन किया जा रहा है। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति की उम्मीद है। हैकथॉन 2K25-हैकबायोस (17-18 नवंबर 2025) दो दिवसीय हैकथॉन में देशभर के तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, हेल्थ टेक, ग्रीन टेक और स्मार्ट सॉल्यूशन्स जैसे विषयों पर नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों व तकनीकी मेंटर्स द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट्स को पुरस्कार एवं इन्क्यूबेशन सहायता दी जाएगी। साथ ही संविद–टेक्नो कल्चर फेस्ट 2K2025 (18-20 नवंबर 2025) तीन दिवसीय संविद फेस्ट में तकनीकी और सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तृत आयोजन होगा। कार्यक्रम में रोबोटिक्स, टेक–क्विज़, मॉडल प्रदर्शन, फैशन शो, नृत्य–संगीत प्रस्तुतियाँ, कला प्रदर्शनियाँ, ई–स्पोर्ट्स, ओपन माइक और वर्कशॉप्स शामिल हैं। फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता को एक मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. सिद्धार्थ चौबे एवं प्रो. समता गजभिये एवं प्रो. समता देशपांडे ने बताया कि दोनों आयोजनों में विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उद्योग जगत और अकादमिक क्षेत्र के विशेषज्ञ भी इन कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री आई.पी मिश्रा, डॉ.जया मिश्रा प्रेसिडेंट, एसजीईएस, प्रो. ए.के. झा, कुलपति, प्रो. पी. बी. देशमुख, डायरेक्टर, एसएसटीसी, भिलाई, कुलसचिव प्रो. स्मिता सेलेट एवं प्रो. गोविंद शर्मा, अधिष्ठाता, छात्र कल्याण ने उक्त आयोजन को लेकर अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराएगा। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक होंगे।
सानुरोध।

