तीनों नए मंत्रियों को मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई और शुभकामनाएं, कुछ देर में हो जाएगा विभागों का बंटवारा - Balaji 36 News

तीनों नए मंत्रियों को मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई और शुभकामनाएं, कुछ देर में हो जाएगा विभागों का बंटवारा


रायपुर: छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय कैबिनेट का चिर प्रतिक्षित विस्तार हो गया। तीन विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली। दुर्ग संभाग से गजेंद्र यादव, रायपुर संभाग से गुरु खुशवंत साहब और सरगुजा संभाग से राजेश अग्रवाल ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। पहले पहले गजेंद्र यादव ने शपथ लिया, उन्होंने अपने नाम के साथ अपने पिता के नाम को जोड़कर शपथ ली। उनके बाद आरंग से विधायक गुरु खुशवंत साहब ने शपथ लिया। आखिर में सरगुजा से विधायक राजेश अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद तीनों नए मंत्री मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले और शुभकामनाएँ दी।

सीएम ने कहा – आज शपथ लेने वाले मेरे कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएँ। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी मंत्रीगण पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा कर विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय रचेंगे।  मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त मंत्रीगण अपनी समर्पित निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ जनसेवा के लिए पूर्ण तत्परता से कार्य करेंगे तथा छत्तीसगढ़ राज्य को विकास और सुशासन की दिशा में नए आयाम प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी मंत्रियों के उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार सामूहिक सहयोग और प्रतिबद्धता के बल पर जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

तीनों मंत्रियों को आज दोपहर बाद विभागों का बंटवारा कर दिया जायेगा। कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किये जायेंगे। वहीं मुख्यमंत्री के पास शिक्षा जैसे विभाग भी अन्य मंत्रियों को बांटे जायेंगे।

कयास लगाए जा रहे हैं कि धर्म, संस्कृति और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी गुरु खुशवंत साहब को मिल सकती है। वहीं गजेंद्र यादव को शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग दिया जा सकता है। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल को परिवहन और खनिज संसाधन विभाग मिलने की संभावना जताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *