‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित स्टॉल में रेलवे की उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक, विकास परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं का अनूठा संगम
आरएस वॉल्व सिमुलेटर पर ट्रेन इंजन चलाने का अनुभव, वीआर गेम जोन, रेलवे क्विज एवं सेल्फी विद इंस्टेंट प्रिंट बच्चों और युवाओं को कर रहे आकर्षित
रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास का मॉडल, वॉक-थ्रू फिल्म एवं 3डी एनामॉर्फिक फिल्म के माध्यम से दिख रही आधुनिक रेलवे की झलक
रायपुर, 02 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर अटल नगर, नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में 01 से 03 नवंबर 2026 तक आयोजित ‘राज्योत्सव-2026’ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का प्रदर्शनी स्टॉल लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस वर्ष आयोजित राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों के साथ-साथ सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित उपक्रमों एनटीपीसी, एसईसीएल, सेल, बीएसएनएल सहित अनेक संस्थानों द्वारा अपनी उपलब्धियों एवं गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी स्टॉल तैयार किया गया है, जहां रेलवे की विकास यात्रा, उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक और भविष्य की योजनाओं को रोचक एवं तकनीक आधारित माध्यमों से प्रस्तुत किया जा रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इस स्टॉल में आकर्षक बैकलिट पैनल्स के माध्यम से रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, नई रेल लाइन परियोजनाओं, पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं एवं वर्तमान में प्रगतिरत परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। वहीं, स्टॉल में स्थापित आरएस वॉल्व सिमुलेटर आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। इसके माध्यम से बच्चे, युवा एवं अन्य आगंतुक ट्रेन के इंजन के संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। यह अनुभव उन्हें रेल परिचालन की तकनीकी कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर प्रदान कर रहा है।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर जारी मेजर रि-डेवलपमेंट कार्य तथा पुनर्विकास के बाद स्टेशन के प्रस्तावित आधुनिक एवं भव्य स्वरूप को दर्शाता आकर्षक मॉडल भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसके साथ ही एक बड़ी स्क्रीन पर रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की वॉक-थ्रू फिल्म प्रदर्शित की जा रही है, जिसके माध्यम से आगंतुक स्टेशन के भावी स्वरूप एवं आधुनिक यात्री सुविधाओं की झलक देख पा रहे हैं।
स्टॉल के प्रवेश द्वार पर लगाई गई बड़ी डिजिटल स्क्रीन पर रेलवे से संबंधित रोचक क्विज आयोजित किया जा रहा है। इसमें विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। क्विज के माध्यम से वे भारतीय रेलवे एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित अपने ज्ञान को बढ़ा रहे हैं। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जा रहा है।
बच्चों एवं युवाओं के मनोरंजन और तकनीक से जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए स्टॉल में विशेष वीआर गेम जोन भी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में पुनर्विकास का कार्य पूर्ण कर चुके रेलवे स्टेशनों की आकर्षक पृष्ठभूमि के साथ सेल्फी लेने तथा तत्काल उसका प्रिंट प्राप्त करने की सुविधा आगंतुकों को एक नया और यादगार अनुभव प्रदान कर रही है।
प्रदर्शनी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक विशेष फिल्म बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित की जा रही है। वहीं, स्वागत द्वार पर स्थापित 3डी एनामॉर्फिक स्क्रीन पर गत वर्ष एवं वर्तमान वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों को अत्याधुनिक दृश्य तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है, जो आगंतुकों को एक अलग और आकर्षक अनुभव प्रदान कर रही है। स्वागत द्वार के ऊपर प्रदर्शित वंदे भारत ट्रेन का विशाल कटआउट भी दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
कुल मिलाकर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह प्रदर्शनी स्टॉल केवल उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं, बल्कि रेलवे की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक, भविष्य की योजनाओं और जनसामान्य के साथ जुड़ाव को एक ही मंच पर प्रस्तुत करने का अभिनव प्रयास है। ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ की भावना को साकार करता यह स्टॉल राज्योत्सव में आने वाले बच्चों, युवाओं, परिवारों एवं आम नागरिकों के लिए जानकारी, मनोरंजन और तकनीकी अनुभव का एक विशेष केंद्र बना हुआ है।