CG : जंगली हाथी ने ग्रामीण को उतारा मौत के घाट, वन विभाग ने बरामद किया शव


कोरबा :- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत पसान वन क्षेत्र के बनिया गांव में जंगली हाथी के हमले में कोरबा के मुरली गांव के निवासी तीजराम धोबी (38) की मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि मुरली गांव का रहने वाला तीजराम ईंट भट्ठा में काम करने के लिए अपने ससुराल बनिया गांव में रहता था। बृहस्पतिवार की शाम लगभग आठ बजे जब वह बनिया गांव के करीब ठीहाईपारा से काम करने के बाद अन्य लोगों के साथ वापस लौट रहा था तभी उनका सामना दो जंगली हाथियों से हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि हाथियों को सामने देखकर वहां मौजूद अन्य लोग वहां से भाग गए लेकिन तीजराम भाग नहीं सका और एक हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए भेजा गया और शव बरामद किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *