भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा नेहरू भवन, सुपेला में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता सहित पत्रकारों ने सांसद श्री विजय बघेल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने प्रेस क्लब की ओर से मांग-पत्र भी सांसद को सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने अपने कार्यकाल के तीन वर्षों की उपलब्धियों और क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की घटनाओं और जनसमस्याओं को साक्ष्य के साथ समाज के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। पत्रकारों के बीच आकर संवाद करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सांसद ने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्र शामिल हैं। क्षेत्र में चार नगर निगम आते हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ मिलकर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भिलाई क्षेत्र में श्रमिकों की सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य हुए हैं। श्रमिकों के लिए अस्पताल की सुविधा, केंद्रीय विद्यालय तथा नवोदय विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण कार्य उनके कार्यकाल में आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल की सीटों में वृद्धि के लिए भी केंद्रीय स्तर पर प्रयास किया गया, जिसके परिणामस्वरूप सीटों की संख्या बढ़ी है।
सांसद ने जल संरक्षण को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘जल ही जीवन है’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। आने वाले समय में पानी की समस्या गंभीर हो सकती है, इसलिए प्रत्येक परिवार को अपने आवास के साथ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम में वाटर हार्वेस्टिंग से संबंधित कार्यों के लिए राशि उपलब्ध है।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास है कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर वे लगातार शासन स्तर पर प्रयास करते रहें।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित खेल गतिविधियों में बड़ी संख्या में पंजीयन हुआ है। सांसद मेला-मड़ई जैसे आयोजनों के माध्यम से भी स्थानीय प्रतिभाओं और संस्कृति को मंच देने का प्रयास किया गया है।
सांसद ने कहा कि दिल्ली में वे क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेजों पर लगातार हस्ताक्षर कराकर संबंधित मंत्रालयों तक विषय पहुंचाते हैं। रेलवे यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी वे लगातार प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता, दिलीप वर्मा, सुनील चौहान, यदुनंदन पंडा, जय प्रकाश आर्य, जोगिंदर सिंह, गौकरण निषाद, दिनेश चौहान, के. मोहन राव, गोपाल देवांगन, पी. मोहन, सर्वेश सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, राजकुमार आर्य, योगेश शर्मा, सोनू यादव सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।