अजय भसीन ने विद्यार्थियों से कहा—यही समय है, सही समय है; मिलकर भारत को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाएं
भिलाई। स्वावलंबी भारत अभियान एवं भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में आयोजित “उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम में एम जी एम स्कूल सेक्टर 6 में विद्यार्थियों के बीच स्वदेशी, स्वावलंबन एवं उद्यमिता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी” का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि “यही समय है—सही समय है। आइए, मिलकर भारत को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाएं।” उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत हमारे अपने संकल्प से होती है। प्रत्येक विद्यार्थी पहले स्वदेशी का संकल्प ले और अपने घरों में अधिक से अधिक स्वदेश में निर्मित उत्पादों का उपयोग करने की आदत विकसित करे।
भसीन ने विद्यार्थियों को उद्यमिता से जोड़ते हुए कहा कि जो विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ काम करना चाहते हैं, उन्हें इंटर्नशिप के माध्यम से कार्य का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी “पढ़ते-पढ़ते उद्यम और व्यवसाय से जुड़ें” तथा अपनी प्रतिभा और कौशल को रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों में परिवर्तित करें।
भिलाई महिला चेम्बर प्रभारी सरोजनी पाणिग्रही ने अपने उदबोधन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया ।उन्होंने कहा कि स्वादेशी अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था में आपका योगदान महत्वपूर्ण होगा ही साथ ही देश भी समृद्ध होगा।
कार्यक्रम में पूर्णिमा नंदी ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि सही सोच, कौशल, मेहनत और निरंतर प्रयास से युवा अपने लिए नए अवसरों का निर्माण कर सकते हैं।उद्यमिता ,नवाचार पर अपनी ऊर्जा संचलित करे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुनील मिश्रा ने विद्यार्थियों को संस्कार संस्कृति की शिक्षा देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के महत्व से अवगत कराया , उन्होंने भारत की प्राचीन ज्ञान एवं व्यापारिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को शून्य और दशमलव जैसी महत्वपूर्ण गणितीय अवधारणाएं दीं तथा व्यापार और व्यवसाय की समृद्ध परंपरा का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि एक समय भारत विश्व की आवश्यकताओं के बड़े हिस्से की पूर्ति करने वाला प्रमुख व्यापारिक राष्ट्र था। आज आवश्यकता है कि युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के बल पर भारत को फिर से मजबूत आर्थिक राष्ट्र बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में एम जी एम से पास आउट विद्यार्थी अनिल जेठानी,राजीव नायक,हेमंत अरोरा,सलज जेम्स, मोहन राव व कोमल जैन जो आज उद्यमी है उन्होंने अपने अनुभव सांझा किये।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।