सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की रिसर्च एंड कंट्रोल लेबोरेटरी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत सोनल श्रीवास्तव ने लोकप्रिय टेलीविजन क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में प्रतिभागी के रूप में अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। शो का प्रसारण विगत दिनों स्टार प्लस पर किया गया तथा प्रसारित एपिसोड जियो हॉटस्टार पर भी दर्शकों के लिए उपलब्ध है।
अभिनेता अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए गए इस शो में प्रतिभागियों की पारंपरिक सामान्य ज्ञान के बजाय तर्कशक्ति, अवलोकन क्षमता, सामान्य समझ, मानसिक चपलता तथा दबाव की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखा जाता है।
देशभर से चयनित प्रतिभागियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 13 प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की सोचने-समझने की क्षमता को विभिन्न चरणों में परखा गया। सोनल श्रीवास्तव ने अपनी सूझबूझ और तर्क क्षमता का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में 10वें प्रश्न तक अपनी जगह बनाए रखी। हालांकि, 10वें प्रश्न का सही उत्तर नहीं दे पाने के कारण उनका प्रतियोगिता का सफर वहीं समाप्त हुआ।
राष्ट्रीय स्तर के इस मंच तक पहुंचना सोनल श्रीवास्तव के लिए एक उल्लेखनीय अनुभव रहा। विभिन्न क्षेत्रों से चयनित प्रतिभागियों के बीच भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा एवं तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया।
‘इंडिया के टॉप 1%’ अपने विशिष्ट प्रारूप के माध्यम से यह परखता है कि प्रतिभागी किसी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में उपलब्ध जानकारी का विश्लेषण कर कितनी तेजी और तार्किकता के साथ निर्णय लेते हैं। शो में सामान्य ज्ञान को याद रखने की क्षमता की तुलना में सोचने, समझने, पैटर्न पहचानने और त्वरित निर्णय लेने जैसी क्षमताओं को प्रमुखता दी जाती है।