भिलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर, सुपेला भिलाई में आगामी नगरीय निकाय चुनाव के संदर्भ में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की शुरुआत भारत माता एवं भाजपा के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक में प्रमुख रूप से सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, सहप्रभारी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, कवर्धा प्रभारी महेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सवन्नी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन से संबंधित सभी कार्यों को 15 सितंबर तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटना होगा। बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव की ठोस तैयारी करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि आज हम अपने परिवार के रूप में बैठकर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। उनके लोकसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर नगरीय निकाय चुनाव होने हैं और इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पिछले चुनाव में भी अपने संगठनात्मक नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि बहन लक्ष्मी वर्मा आज राज्यसभा में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही हैं। स्वयं वर्ष 2000 में नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि रामजी भारती का सदैव मार्गदर्शन मिलता रहा है और हम सभी ने मिलकर संगठन के लिए बेहतर परिणाम दिए हैं।
श्री बघेल ने कहा कि यह चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिष्ठा का सवाल भी है और हम सभी के लिए एक बड़ी चुनौती है। इस बार महापौर का चुनाव भी महत्वपूर्ण है, इसलिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य किए हैं। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों की गाथा को लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे।
बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, नगरीय निकायवार तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, बृजेश बिचपुरिया, रविशंकर सिंह, शिरीष अग्रवाल, निहारिका मिश्रा, दिव्या भसीन, वीरेंद्र साहू, निर्मला यादव, तुलसी साहू, भोजराज सिन्हा, बिजेंद्र सिंह,श्याम सुंदर, राव,पूनम शुक्ला, चिन्ना केशवलु, गोपाल कृष्ण वर्मा,त्रिलोचन सिंह, विजय जायसवाल ,विनोद सिंह,रश्मि सिंह, पारस जंघेल,भारती साहू हेमंत देवांगन योगेंद्र सिंह,तिलक यादव,सचिन ताम्रकार ,मदन सेन,राजेंद्र सिंह,रवि कश्यप,जाकिर हुसैन,बॉबी चौहान, सुभाष शर्मा,दिनेश देवांगन,नरेश यादव,अब्दुल नासिर भाई सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
