प्रगति पथ यात्रा के तहत आनंदगांव में जनसंपर्क, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं - Balaji 36 News

Blog

प्रगति पथ यात्रा के तहत आनंदगांव में जनसंपर्क, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं


आनंदगांव। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “प्रगति पथ यात्रा” के तहत आनंदगांव में विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, हर्ष तिवारी, संजीव तिवारी, नीलू राजपूत, रविंद्र नायक, सुखीराम जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों में देश को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल विशेष जनसंपर्क यात्रा के माध्यम से आम जनता, किसानों एवं प्रबुद्धजनों से भेंट-मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रगति पथ यात्रा” का उद्देश्य जनता के विश्वास को और मजबूत करते हुए विकास एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया जा रहा है।
सांसद बघेल ने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया। इसके बाद देश में अनेक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए गए, जिनमें तीन तलाक की समाप्ति, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में अद्भुत कार्यक्षमता और समर्पण का परिचय दिया है तथा भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भारत हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सरकार के साथ खड़ी है और राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
किसानों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है, इसलिए किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए ताकि भूमि और पर्यावरण दोनों का संरक्षण हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।