बने खाबो बने रहिबो’ अभियान के तहत बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान सील, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए लैब


दूर्ग, 18 अगस्त 2026/ आगामी रक्षाबंधन और तीज त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार और अभिहीत अधिकारी (खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला-दुर्ग) के मार्गदर्शन में विभाग की टीम शहर में लगातार जांच कार्रवाई कर रही है। विभागीय अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय ’बने खाबो बने रहिबो’ शीर्षक के अंतर्गत 7 दिवसीय विशेष जांच अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के दूसरे दिन, मंगलवार 18 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैकुंठ धाम, पावर हाउस स्थित फर्म ’मुस्कान फूड प्रोडक्ट’ (संचालक पप्पू सिंह) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान से बेसन बर्फी एवं मैसूर पाक के नमूने संकलित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही, जांच में प्रतिष्ठान का वैध खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन नहीं पाया गया, जिसके चलते खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। इससे पूर्व सोमवार 17 अगस्त को भी विभाग की टीम द्वारा दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापामारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिले भर में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

::000::


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *