सावन मास के पावन अवसर पर राजधानी सहित पूरे प्रदेश में धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। इसी कड़ी में बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा लगातार तृतीय वर्ष श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा जी (सीहोर वाले) के श्रीमुख से प्रवाहित होने वाली इस कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन की तैयारियों के सिलसिले में समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। भेंट के दौरान समिति ने मुख्यमंत्री जी के सरल, सहज और सौम्य व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उन्हें आयोजन का मुख्य आमंत्रण-पत्र भेंट किया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पावन कथा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। समिति के आग्रह पर मुख्यमंत्री साय ने इस वर्ष भी कथा में शामिल होने का आत्मीय आश्वासन दिया है।