डीपीएस की अंतर-विद्यालयीन क्विज़ प्रतियोगिता में मैत्री विद्या निकेतन प्रथम


रिसाली। दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालयीन क्विज़ प्रतियोगिता में मैत्री विद्या निकेतन, रिसाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 20 प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया।
कड़े मुकाबले के बाद मैत्री विद्या निकेतन रिसाली, डी.ए.वी. हुडको, डी.पी.एस. रायपुर एवं के.पी.एस. ढूंढा की टीमें फाइनल में पहुँचीं। फाइनल में मैत्री विद्या निकेतन ने 550 अंक अर्जित कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 330 अंकों की प्रभावशाली बढ़त के साथ एकतरफा जीत दर्ज की।
विजेता टीम में कक्षा XII-D के अनिर्बान मुखर्जी एवं कक्षा X-A के सुधीर गजेंद्र शामिल थे। दोनों विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय देते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधन, प्राचार्य एवं शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्कृति का परिणाम है। विद्यालय विद्यार्थियों में ज्ञान, तार्किक चिंतन, बौद्धिक जिज्ञासा और सर्वांगीण विकास को निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है।
इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है तथा यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *