
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा डीपीएस रिसाली स्कूल के सहयोग से कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में दैनिक जीवन से जुड़े सुरक्षा विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उनमें सुरक्षित व्यवहार की भावना को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में कक्षा 10 की 11 सेक्शनों के कुल 306 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री ए. एच. जुंजानी, हेड मिस्ट्रेस श्रीमती नीलम पांडे, कक्षा 10 के शिक्षक श्री मनीष कुमार फाटक एवं श्री सुमन कुमार त्रिपाठी के सहयोग से संपन्न हुआ। सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग की ओर से महाप्रबंधक श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस, सहायक महाप्रबंधक श्री अजय टल्लू, उप प्रबंधक श्री अरिजीत रॉय तथा सहायक प्रबंधक श्री अखिल मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 60 प्रश्न पूछे गए, जिनमें घरेलू सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन अधिक प्रभावी बनाने के लिए नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था भी की गई। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा प्रतियोगिता से पूर्व अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले उपायों, प्राथमिक उपचार, सड़क सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा जैसे विषयों की उपयोगी जानकारी अर्जित की, जिसका उपयोग वे अपने दैनिक जीवन में भी कर सकेंगे।
कार्यक्रम का सफल आयोजन डीपीएस रिसाली के प्रबंधन, शिक्षकों एवं सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के समन्वित प्रयासों से संपन्न हुआ।