श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल हुए सांसद विजय बघेल


भिलाई। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा नगर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-6 स्थित उत्कल सांस्कृतिक परिषद, श्री गुण्डिचा मंडप श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर समिति के दिलीप महन्ती, अरुण पण्डा, प्रशांत सामल एवं शरद बिस्वाल ब्रिजेश बिचपुरी,ने सांसद विजय बघेल का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात सांसद विजय बघेल ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सांसद विजय बघेल ने भिलाई सहित पाटन स्थित भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर ट्रस्ट अखरा की रथयात्रा में भी सहभागिता की। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास से गुंजायमान रहा। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद एवं अन्य सेवा व्यवस्थाएं की गईं।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोककल्याण की महान परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व समाज को एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में राजा पाठक, बाबा वर्मा, रोशन वर्मा, डोनेश्वर साहू, अमरचंद वर्मा, रुपेन्द्र वर्मा, जगनूराम वर्मा, केदार कश्यप, महेंद्र वर्मा, सुनील वर्मा, शरद बघेल, नागेन्द्र कश्यप, प्रहलाद कश्यप, राजेश वर्मा, रंजना वर्मा, पुरेन्द्र वर्मा, नारायण वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *