अहिवारा। नगर पालिका परिषद अहिवारा में राज्य प्रवर्तित एवं अधोसंरचना मद अंतर्गत लगभग ₹133 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने की।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विधानंद कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक बाफना, सरस्वती बंजारे, इंदिरा बंजारे, कीर्ति राज शिवाले, इंद्रजीत राउत, संत कुमारी ठाकुर, पुष्पा विदेशी साहू, पुरुषोत्तम वर्मा, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को अनुग्रह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर यादव भवन, उड़िया पारा एवं टाउनशिप में सामुदायिक भवन, विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली निर्माण, मुक्तिधाम सुविधा विस्तार, ए.वी. स्कूल के पास बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड, आंगनबाड़ी भवन सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में अशोक बाफना ने कहा कि विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा विकास कार्यों की योजना बनाने में सभी जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सांसद विजय बघेल की सरलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे छोटे से छोटे कार्यक्रम में भी आत्मीयता से शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हैं।
सतीश साहू ने कहा कि सांसद विजय बघेल लगातार दूसरी बार जनता के भारी समर्थन से निर्वाचित हुए हैं और उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद अहिवारा विकास की नई पहचान बना रही है।
विधानंद कुशवाहा ने कहा कि अहिवारा नगर पालिका प्रदेश में कर संग्रह, वृक्षारोपण और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी है। उन्होंने बताया कि सैकड़ों हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है तथा नगर पालिका गुणवत्ता के साथ विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के मार्गदर्शन और सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संभव हुआ है।
सरस्वती बंजारे ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है और महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अहिवारा-जामुल जल प्रदाय योजना से लगभग 35 गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है तथा अशोक बाफना की मांग पर डोमशेड निर्माण के लिए ₹20 लाख देने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है और विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अहिवारा के विकास तथा तहसील के रूप में उसकी प्रगति के लिए वे हर संभव सहयोग देंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास करेंगे। तत्पश्चात अहिवारा में पच्चीस लाख की लागत से बाटलीवाला क्रिकेट ग्राउंड में सांसद विजय बघेल ने क्रिकेट भी खेला
कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद अहिवारा के आयुक्त प्रवीण गहलोत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
