दुर्ग के बीआईटी सभागार में विकसित भारत संकल्प एवं प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत से हुआ। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा रेस्ट हाउस परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, जगन्नाथ पाणिग्रही, नंदन जैन, ललित चंद्राकर, जितेंद्र वर्मा, प्रीतपाल बेलचंदन, महापौर अल्का वाघमारे, जितेंद्र साहू, सरस्वती बंजारे एवं सांवला रामडहरे सुरेन्द्र कौशिक भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, हर घर जल, शौचालय निर्माण, जनधन खातों और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि राष्ट्र निर्माण सेवा, समर्पण और संकल्प से ही संभव है। विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं विश्वगुरु बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
सम्मेलन में विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे
