BREAKING: वाहन चेकिंग में बड़ा खुलासा: क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, वाहन सहित रकम जब्त - Balaji 36 News

BREAKING: वाहन चेकिंग में बड़ा खुलासा: क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, वाहन सहित रकम जब्त


बालोद।  बालोद जिले में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध नगदी परिवहन पर लगातार कार्रवाई कर रही बालोद पुलिस को थाना पुरूर क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की क्रेटा कार से भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग अभिषेक शांडिल्य के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा और थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा।

पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि कांकेर की ओर से पुरूर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमित जैन, उम्र 42 वर्ष निवासी बालोद तथा लच्छू ठाकुर, उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम तरौद जिला बालोद बताया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों और गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस द्वारा जब नगद राशि से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी रकम और वाहन को जप्त कर लिया। इस कार्रवाई में थाना पुरूर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू और संदीप यादव सहित पूरी टीम की सतर्कता और सक्रियता की सराहना की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *