नौकरी दिलाने के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर युवती से धोखाधड़ी - Balaji 36 News

नौकरी दिलाने के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर युवती से धोखाधड़ी


रायगढ़। रायगढ़ जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3 लाख 38 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी हरीश मिश्रा को जिला जशपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी कुमारी पदमनी यादव ने 3 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भतीजी के माध्यम से आरोपी हरीश मिश्रा से पहचान हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में संविदा नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाते हुए 9 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच नकद और फोन-पे के जरिए कुल 3,38,500 रुपये ले लिए। काफी समय तक नियुक्ति नहीं मिलने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का कथित नियुक्ति पत्र पीड़िता को दिया।जब पीड़िता दस्तावेज सत्यापन के लिए कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंची तो जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी निकला और पूरे नौकरी घोटाले का खुलासा हो गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। फरारी के दौरान उसके जशपुर में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किए हैं। एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *