दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद Vijay Baghel ने सेक्टर-7 स्थित शंभु महादेव हनुमान सेवा समिति क्षेत्र के पीलिया प्रभावित इलाकों का दौरा किया - Balaji 36 News

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद Vijay Baghel ने सेक्टर-7 स्थित शंभु महादेव हनुमान सेवा समिति क्षेत्र के पीलिया प्रभावित इलाकों का दौरा किया


भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद Vijay Baghel ने सेक्टर-7 स्थित शंभु महादेव हनुमान सेवा समिति क्षेत्र के पीलिया प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीलिया से ग्रसित मरीजों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा परिजनों से विस्तृत चर्चा कर हालात की जानकारी ली।
दौरे के दौरान सांसद ने Bhilai Steel Plant (बी.एस.पी.) प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल पाइपलाइन बिछी हुई है, जिसकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है और कई स्थानों पर लीकेज की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन के सुधार एवं प्रतिस्थापन का कार्य जारी है और क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सांसद ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कुल 29 लोग पीलिया से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 24 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्थानीय निवासियों ने जांच शुल्क अधिक होने की समस्या से अवगत कराया, जिस पर सांसद ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रकार की जांच एवं उपचार निःशुल्क किए जाएं तथा उन्नत एवं महंगी जांच किट के माध्यम से सभी आवश्यक जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाए जाएं, शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी मरीजों का पूर्ण उपचार निःशुल्क कराया जाए। मौके पर उपस्थित चिकित्सक डॉ. बंजारे से भी उन्होंने मरीजों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर बी.एस.पी. वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, भाजपा नेता सोनू पंडित, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *