CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट - Balaji 36 News

CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट


रायपुर।  छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है, हालांकि अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। पहले अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी, इसके बाद फिर 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। यानी फिलहाल मौसम स्थिर नहीं रहने वाला है।

मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि 18 और 19 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज मौसम गतिविधियों की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि मध्य और ऊपरी स्तर पर पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। यही सिस्टम प्रदेश में नमी और अस्थिरता बढ़ा रहा है, जिससे आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की स्थितियां बन रही हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली और नारायणपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.4°C दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.5°C रायपुर के माना एयरपोर्ट में दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 37°C और न्यूनतम 19°C रहने का अनुमान है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और शाम के समय बारिश या गरज-चमक की संभावना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *