ट्रैफिक पुलिस की टो वैन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत, बहन गंभीर - Balaji 36 News

ट्रैफिक पुलिस की टो वैन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत, बहन गंभीर


रायपुर । राजधानी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढ़ क्लब के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, लभांडी निवासी अंश सतवानी (14) अपनी 10 वर्षीय बहन अनिशा सतवानी को स्कूल छोड़ने स्कूटर से जा रहा था। दोनों सिविल लाइन क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। जैसे ही वे छत्तीसगढ़ क्लब के पास स्कूल की ओर मुड़े, पीछे से आ रही ट्रैफिक पुलिस की वाहन उठाने वाली टो वैन (क्रेन) अनियंत्रित हो गई और स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि अंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन अनिशा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तत्काल एंबुलेंस के जरिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

चालक फरार, इलाके में आक्रोश
हादसे के बाद टो वैन का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। सूचना पर पुलिस लाइन एसीपी रमाकांत साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल वाहन ट्रैफिक पुलिस का लोडर वाहन है और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी मृतक बच्चे के परिजनों को दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की लापरवाही और ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *