मैत्री विद्या निकेतन में 77वाँ गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साह के साथ सम्पन्न - Balaji 36 News

मैत्री विद्या निकेतन में 77वाँ गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साह के साथ सम्पन्न


रिसाली। मैत्री विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिसाली में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरण एवं प्रतिष्ठित अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात विद्यालय की हेड गर्ल अंकिता कुर्रे ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों हेतु शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी ने अपने प्रभावी उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान की महान परिकल्पना और उसके श्रेष्ठ मूल्यों का प्रतीक है। संविधान मात्र दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का उत्कृष्ट संकलन है, जिसके निर्वहन में हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी निहित है। उन्होंने कहा कि भूमंडलीकरण के इस युग में प्रत्येक भारतीय को कौशल, सकारात्मकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्मित में योगदान देना होगा। इस वर्ष गणतंत्र दिवस का विषय — “स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम्” एवं “समृद्धि का मंत्र: आत्मनिर्भर भारत” — नागरिकों को नैतिक मूल्यों के साथ योगदान करने के लिए प्रेरित करता है, जिससे राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक चरण में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। कक्षा 11 (D) की मोक्षदा साहू ने हिंदी में तथा कक्षा 9 (B) की जोया ने अंग्रेज़ी में गणतंत्र दिवस विषयक विचार प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त कक्षा 1 (B) की पूर्वी निर्मलकर ने कविता पाठ कर दर्शकों की तालियाँ प्राप्त कीं। प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक छात्रों द्वारा देशभक्ति गीतों और समूह नृत्यों की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ हुईं। वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तुत विशेष संगीतमय कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वार्षिक सदन मूल्यांकन में गांधी सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन का चल वैजयन्ती प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरण, प्रबंधक श्री एस. सजीव, विद्यालय की प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी, उप-प्राचार्या डॉ. बीना सजीव, भिलाई मैत्री कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुरेखा पाटिल, सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा कुमारी एवं मुस्कान सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण के साथ किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *