यातायात पुलिस दुर्ग एवं यंग इंडिया, दुर्ग फाउंडेशन का संयुक्त जागरूकता प्रयास
सीट बेल्ट पहनकर सोशल मीडिया पर संदेश साझा करने की अपील
यातायात नियमों के पालन हेतु नागरिकों को किया गया प्रेरित


राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग एवं यंग इंडिया, दुर्ग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 19.01.2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में “बकल अप चैलेंज (Buckle Up Challenge)” के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन कर रहे चारपहिया वाहन चालकों एवं सहयात्रियों को रोककर उन्हें सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, उसके सही तरीके तथा सड़क दुर्घटनाओं में सीट बेल्ट से होने वाले सुरक्षा लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि सीट बेल्ट का उपयोग दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोटों एवं जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम करता है।
अभियान के अंतर्गत नागरिकों को स्वयं सीट बेल्ट पहनकर फोटो अथवा लघु वीडियो बनाकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि वे स्वयं सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक बनें और यह संदेश व्यापक स्तर पर समाज तक पहुँचे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया जैसे प्रभावशाली माध्यम का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।
यातायात पुलिस दुर्ग एवं यंग इंडिया, दुर्ग फाउंडेशन के इस संयुक्त प्रयास से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा कर रहे नागरिकों में सकारात्मक जागरूकता देखने को मिली, तथा बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर ही सीट बेल्ट पहनकर फोटो/वीडियो साझा कर अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता को सशक्त करने एवं जिम्मेदार नागरिक व्यवहार विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ है।
