🔸 वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा रैश ड्राइविंग से बचने के संबंध में समझाइश दी गई।
🔸 यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित वाहन संचालन हेतु प्रेरित किया गया।
🔸 रसमड़ा क्षेत्र की फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों को निःशुल्क सेफ्टी जैकेट वितरित की गई।
🔸 बाफना टोल पर मालवाहक एवं भारी वाहनों में रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने हेतु निःशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए।
🔸 बाफना टोल प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से संयुक्त रूप से कार्यवाही संपन्न की गई।


दिनांक 16.01.2026 को सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बाफना टोल एवं रसमड़ा चौक पर व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक एवं भारी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सभी वाहन चालकों को तेज गति, लापरवाही एवं रैश ड्राइविंग से बचने हेतु समझाइश दी गई। इसके साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं यातायात संकेतों का सम्मान करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
रसमड़ा चौक क्षेत्र में स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों की सड़क पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें निःशुल्क सेफ्टी जैकेट वितरित की गई, जिससे कम रोशनी अथवा रात्रिकालीन समय में उनकी दृश्यता बढ़ सके एवं दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
इसी क्रम में बाफना टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस द्वारा टोल प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से मालवाहक एवं भारी वाहनों पर निःशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए, ताकि रात्रि के समय वाहनों की पहचान दूर से हो सके एवं पीछे से आने वाले वाहनों को समय रहते संकेत मिल सके, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहायता प्राप्त हो।
उक्त समस्त गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों, वाहन चालकों, श्रमिकों एवं टोल कर्मियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।