यातायात पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के तहत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय, दुर्घटना पीड़ित की संपत्ति सुरक्षित लौटाई गई - Balaji 36 News

यातायात पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के तहत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय, दुर्घटना पीड़ित की संपत्ति सुरक्षित लौटाई गई


दिनांक 07/12/2025 को सायं लगभग 06:30 बजे वाय-शेप ब्रिज, दुर्ग के समीप अशिष कुमार, निवासी सुपेला, वाहन क्रमांक CG 07 CZ 4373 को किसी अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दी गई, जिससे उक्त व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त होकर बेहोशी की अवस्था में सड़क पर पड़े हुए थे। घटना के समय पीछे से आ रही नगर सैनिक महिला निष्ठा साहू द्वारा तत्परता एवं ईमानदारी का परिचय देते हुए मौके पर गिरी हुई सोने की अंगूठी को सुरक्षित रूप से उठाकर सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल यातायात पुलिस को सुपुर्द किया गया।

ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्राप्त उक्त सोने की अंगूठी एवं दुर्घटना के दौरान सुरक्षित किया गया हेलमेट दिनांक 13/12/2025 को यातायात मुख्यालय, नेहरू नगर में पीड़ित व्यक्ति के परिजनों को विधिवत बुलाकर सुपुर्द किया गया।

इसी क्रम में जनसामान्य की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 17/12/2025 को ग्राम नागपुरा, जिला दुर्ग में प्रस्तावित कथावाचक श्री प्रदीप मिश्रा के शिवमहापुराण आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आवश्यक रूट डायवर्जन प्लान एवं पृथक पार्किंग व्यवस्था पूर्व से निर्धारित की गई है, जिससे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की यातायात असुविधा न हो।

यातायात पुलिस दुर्ग आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में मानवीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की सहायता करें, उनकी संपत्ति को सुरक्षित रखते हुए पुलिस को सूचित करें तथा आगामी धार्मिक आयोजन के दौरान जारी यातायात निर्देशों, रूट डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन कर सुचारु यातायात बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *