Breaking: वीरेंद्र तोमर ग्वालियर से गिरफ्तार, रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


 रायपुर। रायपुर पुलिस ने सूदखोरी और जबरन वसूली में वांछित आरोपी वीरेंद्र तोमर ऊर्फ रूबी तोमर को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी पर मारपीट, हत्या की कोशिश, उगाही, सूदखोरी और कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। उसका छोटा भाई रोहित तोमर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मामला तब शुरू हुआ जब तेलीबांधा थाना में एक कारोबारी ने दोनों भाइयों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई थी। एफआईआर के बाद दोनों आरोपी 2 जून से फरार थे और पुलिस की दबिश के बावजूद कानूनी दांव-पेच और लगातार लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचते रहे। हाल ही में हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश तेज़ कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वीरेंद्र ग्वालियर में छिपा हुआ है। इसके बाद रायपुर पुलिस की टीम वहां भेजी गई। क्राइम ब्रांच ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

दोनों भाइयों की गिरफ्तारी पर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने पहले ही 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लंबे समय तक फरारी के बाद आखिरकार वीरेंद्र पुलिस के जाल में आ गया।

सूत्रों के मुताबिक, वीरेंद्र को ग्वालियर में उसके एक रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया है। फरारी के दौरान वह यूपी और राजस्थान के कई शहरों में भी छिपकर रहा। हाईकोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद वह ग्वालियर भाग गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *