छत्तीसगढ़ में होगी झमाझम बारिश: बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव, बस्तर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी - Balaji 36 News

छत्तीसगढ़ में होगी झमाझम बारिश: बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव, बस्तर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी


रायपुर। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर से अगले पांच दिनों तक दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 26 अक्टूबर से प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिससे रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में 24 अक्टूबर से एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ेगी और बादल छाने लगेंगे। अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना है।

इस समय होने वाली बारिश का असर प्रदेश की कृषि गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। जिन क्षेत्रों में धान की कटाई हो चुकी है और फसलें खेतों में रखी हैं, वे बारिश से खराब हो सकती हैं। वहीं जिन इलाकों में कटाई शेष है, वहां फसल गिरने या अंकुरित होने का खतरा रहेगा।

राजधानी रायपुर में आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *