13वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2025 का भिलाई में सफल समापन - Balaji 36 News

13वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2025 का भिलाई में सफल समापन


पंजाब बना ओवरऑल चैंपियन, छत्तीसगढ़ रहा उपविजेता

भिलाई, 13 अक्टूबर 2025 —
नेशनल गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एन.जी.ए.आई.) द्वारा आयोजित 13वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2025 का भव्य समापन छत्तीसगढ़ के भिलाई में हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने पारंपरिक जंगजू कला और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

तीन दिवसीय मुकाबलों के बाद पंजाब को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि छत्तीसगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
लड़कों के वर्ग में पंजाब प्रथम, छत्तीसगढ़ द्वितीय और हरियाणा–उत्तराखंड संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान, चंडीगढ़ ने द्वितीय और पंजाब व हरियाणा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ के शिक्षा एवं ग्रामीण उद्योग मंत्री गजेंद्र यादव ने विजेताओं को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “गतका केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली मार्शल विरासत का प्रतीक है, जो अनुशासन, साहस और आत्म-संयम सिखाता है।”
उन्होंने राज्य में गतका को प्रोत्साहित करने हेतु स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इस पारंपरिक कला के प्रचार-प्रसार की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकारी सदस्य मनीष पांडे, एन.जी.ए.आई. के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल, एशियाई गतका महासंघ के कार्यकारी सदस्य एवं न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह (छोटू), महासचिव जसवंत सिंह, कोषाध्यक्ष मलकित सिंह (लल्लू) तथा छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसबीर सिंह चहल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न सिख संस्थाओं और गुरुद्वारा समितियों के प्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रमुख, भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन तथा युथ सिख सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।

एन.जी.ए.आई. अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने गतकेबाज़ों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संगठन का लक्ष्य गतका को देश के हर राज्य तक पहुँचाना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *