भिलाई : पाटन नगर पंचायत के ग्राम अखरा में भव्य एवं गरिमामय विजयदशमी उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। भगवान श्रीराम चन्द्र जी, लक्ष्मण जी एवं उनकी सेना घोड़ा बग्गी में सवार होकर नगर भ्रमण के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचा, विशाल आतिशबाजी कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।


इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेन्द्र वर्मा जी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार भाले जी, विशेष अतिथि श्री हेमंत देवांगन जी, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले जी, सांसद प्रतिनिधि श्री राजा पाठक जी सहित अन्य अतिथियों के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। सभी अतिथियों ने मंगला आरती कर भव्य दशहरा उत्सव की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेन्द्र वर्मा ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीरामचंद्र जी से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि रावण दहन केवल परंपरा नहीं है, बल्कि यह अन्याय, अहंकार और असत्य के विनाश का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने जीवन में सत्य, साहस और संस्कारों को आत्मसात करने का संकल्प दिलाता है।आगे उन्होंने कहा हमारा देश त्याग और तपस्या से बना है। हमारे पूर्वजों ने इसी मर्यादा और संस्कृति को संजोकर भारत को महान बनाया है। इसलिए इस पर्व पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। जिस प्रकार भगवान राम ने सभी वर्गों को साथ लेकर ‘रामराज्य’ की स्थापना की थी, उसी प्रकार हमें भी समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे का वातावरण बनाना होगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले जी ने कहा कि विजयदशमी का यह उत्सव हमारे नगर की शक्ति, संस्कृति और एकता का अद्भुत प्रमाण है। असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक यह पर्व हमें अच्छे कर्म और परोपकार का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है। आगे उन्होंने कहा कि पाटन नगर पंचायत को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रपति माननीया श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा नई दिल्ली में पुरस्कृत किया जाना गौरव की बात है। पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त करना हमारे नगर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह आप सभी नगरवासियों के सहयोग से संभव हुआ है। अब हमें संकल्प लेना है कि पाटन नगर पंचायत को पूरे देश में प्रथम स्थान पर लाएं और इसे स्वच्छ व सुंदर नगर बनाएं। आज देशभर में एक ही मंत्र गूंज रहा है – स्वदेशी अपनाओ, विदेशी छोड़ो। रावण दहन के साथ-साथ हमें विदेशी वस्तुओं का भी दहन करना होगा। स्थानीय व्यापारियों से खरीदी कर हम अपने नगर और क्षेत्र को मजबूत बना सकते हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी,सभापति केवल देवांगन,सभापति जितेन्द्र निर्मलकर,सभापति देवेन्द्र ठाकुर,सभापति नेहा वर्मा,पार्षद अन्नपूर्णा पटेल,पार्षद चंद्रप्रकाश बिज्जू देवांगन,पार्षद बीरेंद्र गुनीराम कौशिक सहित समस्त पार्षद गण,पण्डित विजय सावर्णी,पंडित कृष्णा तिवारी,पंडित राजेश वैष्णव,संगीत भजन अरुण कश्यप द्वारा की गई एवं हजारों की संख्या में नगरवासी की उपस्थिति रही।
