प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जुनवानी, भिलाई में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर “शंकराथॉन” के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन दिनांक 29.08.2025 से 31.08.2025 तक यूजीसी एवं एआईसीटीई के दिशानिर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसमें विद्यार्थी, प्राध्यापक और कर्मचारीगण की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को स्मरण किया गया, जिनकी उपलब्धियों के सम्मान में देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।


कार्यक्रम के प्रथम दिवस में फिटनेस शपथ ग्रहण से हुई, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे शारीरिक रूप से सक्रिय रहेंगे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में 1 किमी पैदल मार्च आयोजित किया गया, जिसे “शंकराथॉन” नाम दिया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस वॉक में भाग लिया और स्वास्थ्य एवं एकता के नारे लगाए “हर गली हर मैदान खेले सारा हिन्दुस्तान”, “खेलें भी और खिलें भी” उक्त नारा के साथ विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के तृतीय एवं अंतिम दिवस में धीमी साइकिल दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संतुलन, धैर्य और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया। यह गतिविधि हर्ष और खेल भावना से भरपूर रही।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या, डॉ. अर्चना झा ने कहा कि “राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खेलों का उत्सव नहीं है, यह जीवन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उत्सव है। शिक्षा, खेल और शारीरिक फिटनेस के बिना अधूरी है।आज शंकराथॉन और साइकिल दौड़ के माध्यम से हमारे विद्यार्थियों ने यह दिखाया है कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए तैयार हैं। मैं सभी विद्यार्थियों से अपील करती हूँ कि खेल और फिटनेस को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।”
डॉ. जे. दुर्गा प्रसाद राव ने कहा कि “राष्ट्रीय खेल दिवस का संदेश यही है कि खेल व्यक्तित्व, टीमवर्क और सहनशीलता का निर्माण करते हैं। शंकराथॉन केवल एक पैदल मार्च नहीं थी, बल्कि स्वास्थ्य और एकता की ओर एक प्रतीकात्मक यात्रा थी।”
खेल अधिकारी डॉ. वी. के. सिंह ने कहा कि “शारीरिक फिटनेस उतनी ही जरूरी है जितनी कि शैक्षणिक उपलब्धि । धीमी साइकिल दौड़ जैसी गतिविधियों से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि खेल मनोरंजक होने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए भी अनिवार्य हैं। आज विद्यार्थियों की भागीदारी देखकर यह स्पष्ट है कि महाविद्यालय के विद्यार्थी स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की सराहना और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर ने यह संदेश दिया कि खेल और फिटनेस जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।