आज से छह दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे मोहन भागवत, RSS के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर रहेगा फोकस - Balaji 36 News

आज से छह दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे मोहन भागवत, RSS के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर रहेगा फोकस


रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत आज से छह दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। भागवत 27 दिसंबर शुक्रवार को रायपुर पहुंचेंगे। इस दौरे में टोली बैठक, सांय और प्रातः शाखा में शामिल होंगे। इसके बाद डॉ. मोहन भागवत 1 जनवरी को दोपहर रायपुर से दिल्ली रवान होंगे।

शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर RSS का फोकस

बता दें अगले साल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ साल पूरे होने वाले हैं। जिसको लेकर देशभर में आरएसएस इस शताब्दी वर्ष में कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान किस किस तरह के कार्यक्रम होंगे, इस पर मोहन भागवत लगातार राज्यों का दौरा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान वे अलग-अलग सत्र में कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। शताब्दी वर्ष में आरएसएस का बड़ा फोकस पंच परिवर्तन पर है। इसके बारे में जानकारी देकर बताया जाएगा, क्या-क्या करना है।

स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा RSS

1925 में स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस वर्ष अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। इसके लिए देश के अलग-अलग प्रांतों में सरसंघचालक मोहन भागवत का प्रवास हो रहा है। इस प्रवास में संबंधित प्रांत में संगठनात्मक कार्यों पर वह चर्चा करते हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठनात्मक विषयों व शताब्दी वर्ष पर चलने वाले कार्यक्रमों पर वह संगठन के अधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

विभिन्न सत्र में लेंगे बैठक

सरसंघचालक डॉ. भागवत अपने प्रवास के दौरान विषय आधारित विभिन्न बैठकों में संगठनात्मक कार्यों की चर्चा करेंगे। सरसंघचालक की इन बैठकों में कार्य विस्तार के साथ कार्यकर्ताओं व स्वयंसेवकों के गुणात्मक विकास पर विशेष रूप से चर्चा होगी। संघ ने शताब्दी वर्ष में प्रत्येक गांव व शहरी क्षेत्र तक शाखा के माध्यम से पहुंचने का लक्ष्य रखा है। सरसंघचालक का प्रवास छत्तीसगढ़ में संघ कार्य को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *