देश की आजादी के 78 साल पूरे हो चुके और उनासींवा स्वतंत्रता दिवस आज मैत्री विद्या निकेतन में पूरे उल्लास सम्मान और नई ऊर्जा के साथ मनाया गया। आज पूरे विश्व में भारत को जो पहचान मिल रही है, उसका गर्व एवं जोश आज के पूरे स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूल के छात्र-छात्राओं अध्यापकों और शाला परिसर के प्रत्येक व्यक्ति में देखने को मिला। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरण जी के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के पश्चात स्कूल के हेड बॉय ऋषभ प्रधान ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की शपथ दिलाई। स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने शानदार परेड करते हुए तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर संस्था की प्रबंधक एवं प्राचार्य डॉ. संजीता थंबी ने अपने विचार प्रस्तुत किये। उन्होंने स्वतंत्र भारत के वसुधैव कुटुंबकम की भावना को व्यक्त किया कि किस प्रकार भारत संपूर्ण विश्व को भाईचारे का संदेश देता है। देश की युवा पीढ़ी को आज देश के प्रति कर्तव्य निष्ठ, ईमानदार और जागरूक बनने की जरूरत है उसे संचार माध्यमों के झूठे जाल में न फंसकर देश के विकास और प्रगति पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए और विकसित भारत की पहचान एक नए भारत के रूप में बनानी चाहिए ।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। हर्षिता सिंह ने हिंदी में एवं श्रेया कोठारी ने इंग्लिश में स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत किये। अनिका पांडे तीसरी ‘ब’ की छात्रा ने कविता पाठ किया ।
स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा जोश से भरे सामूहिक देश भक्ति गीत एवं देश भक्ति सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विभिन्न अंतर्शालेय प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन जी, प्रबंधक श्री एस. सजीव, प्रबंधक एवं प्राचार्या श्रीमती डॉ. सजीता थंबी एवं उपप्राचार्या श्रीमती डॉ. बीना सजीव और विद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार उपस्थित था। कार्यक्रम का संचालन सोनाक्षी चौबे एवं भव्या सोनी ने किया कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण के साथ किया गया।