भिलाई इस्पात संयंत्र के जे.एन. चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में कार्यरत एम्बुलेंस ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर आज बी.एस.पी. वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री उज्जवल दत्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक (एम. एंड एच. एस.) श्री मोहम्मद शाहिद से भेंट की और उन्हें एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया कि चिकित्सालय में एम्बुलेंस सेवाओं हेतु कार्यरत वर्तमान ठेका 30 जून को समाप्त हो रहा है, और इसमें कार्यरत ड्राइवर पिछले कई वर्षों से संयंत्र में निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ कार्य कर रहे हैं।
ये ड्राइवर संयंत्र की भौगोलिक स्थिति व कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और तत्परता बनी रहती है।
ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखी गईं:
1. नए ठेके में सभी पूर्व कार्यरत एम्बुलेंस ड्राइवरों की पुनर्नियुक्ति यथावत की जाए।
2. पूर्व ठेके की समाप्ति पर सभी ड्राइवरों को उनका अंतिम भुगतान (Final Settlement) नियमानुसार शीघ्र किया जाए।
यूनियन ने यह भी रेखांकित किया कि इन ड्राइवरों ने संयंत्र में कभी कोई औद्योगिक अशांति नहीं की है और सदैव उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। यह कार्य उनके आजीविका का एकमात्र स्रोत है, अतः मानवीय संवेदना के तहत इनकी पुनर्नियुक्ति व भुगतान अत्यंत आवश्यक है।
प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए यूनियन को आश्वस्त किया कि –
किसी भी एम्बुलेंस ड्राइवर को कार्य से नहीं हटाया जाएगा।
सभी ड्राइवरों को उनके फाइनल भुगतान के बाद ही ठेकेदार को अंतिम भुगतान किया जाएगा।
बी.एस.पी. वर्कर्स यूनियन ने इस संवेदनशील और त्वरित पहल हेतु प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।