CG अवैध प्लॉटिंग के मामले में 80 से ज्यादा किसानों को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी से बढ़ी चिंता


भिलाई :  भिलाई नगर निगम ने अवैध प्लॉटिंग के आरोप में 80 से अधिक किसानों को नोटिस जारी किया है, जिससे किसानों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि उन्होंने केवल अपनी खेती की जमीन बेची है, प्लॉटिंग का काम भू-माफियाओं ने किया है, ऐसे में कार्रवाई उन पर होनी चाहिए, न कि किसानों पर।

नगर निगम आयुक्त द्वारा 29 मई को जारी नोटिस में कहा गया है कि किसानों ने नगर निगम क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी जमीन की प्लॉटिंग कर रजिस्ट्री की है। यह नगर निगम अधिनियम और कॉलोनाइजर नियमों के खिलाफ है। मामला उप पंजीयक, जिला दुर्ग के पत्र के आधार पर सामने आया है।

15 दिन में मांगा जवाब, सजा का भी जिक्र

निगम ने किसानों से 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दोषी किसानों के खिलाफ 3 से 7 साल की कैद और एक लाख रुपए तक के जुर्माने की कार्रवाई की जा सकती है। किसानों का कहना है कि वे अब इस मामले को लेकर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाने की तैयारी में हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *