कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने भाजपा के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया - Balaji 36 News

कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने भाजपा के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया


भिलाई नगर, 31 जनवरी। वैशाली नगर विधानसभा अंतर्गत भिलाई नगर निगम के दो वार्डों में उप चुनाव है। एक वार्ड-35 है जिसे शारदा पारा के नाम से जाना जाता है। इस वार्ड से कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। भाजपा ने चंदन यादव को तथा कांग्रेस ने मनोज सिन्हा को पार्षद प्रत्याशी की टिकट दी थी। आज कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने भाजपा के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और भाजपा जिला भिलाई अध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन ने मनोज सिन्हा का भाजपा प्रवेश करवाया है।

आपको बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने मीडिया से पत्रकार वार्ता में बताया कि कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद से ही कांग्रेस संगठन के कोई नेता उनके समर्थन में प्रचार प्रसार करने नहीं पहुंचे। जब वो स्थानीय समर्थकों के साथ घर-घर कांग्रेस के लिए वोट मांगने निकले तो हर घर से एक ही जवाब मिला कि पिछले एक वर्ष में विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्र के बैकुंठ धाम सहित वर्षों से लंबित अनेक समस्याओं को दूर करते हुए जितने विकास कार्य करवाए हैं उनसे वार्ड के लोग पूरी तरह संतुष्ट हैं और वो भाजपा के पक्ष में ही मतदान करेंगे। हर तरफ भाजपा विधायक के कार्यों की प्रशंसा देख मैंने जब पार्टी के नेताओं से मार्गदर्शन मांगा तो कांग्रेस संगठन के सभी नेताओं ने कोई प्रत्यक्ष सहयोग नहीं दिया। टिकट मिलने के बाद लगातार कांग्रेस नेताओं की वार्ड से दूरी और वार्ड की जनता का भाजपा के प्रति झुकाव से मुझे स्पष्ट हुआ कि इस वार्ड से टिकट देकर कांग्रेस ने उसे बलि का बकरा बनाया है और इस चुनाव में करारी शिकस्त झेलने से बेहतर मैंने आज अपना नामांकन वापस ले लिया।

मनोज सिन्हा ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन और विधायक रिकेश सेन से फोन पर बात कर मैंने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने का निवेदन किया तब उन्होंने आज ही गमछा पहना कर भाजपा प्रवेश करवाया है। भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति और मजबूत संगठन क्षमता को मैं इस चुनाव में देख चुका था। विधायक रिकेश सेन सहित संगठन के नेता और कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज अपने प्रत्याशी चंदन यादव के लिए वार्ड में‌ घर-घर दस्तक दे रही थी। भाजपा को लेकर वार्ड के लोगों में भी उतना ही उत्साह देखने को मिला इसलिए नामांकन वापसी के साथ ही मैंने भाजपा प्रवेश कर लिया। भाजपा के सिपाही की तरह अब वह जमीनी कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मनोज सिन्हा जो कि कुछ देर पहले तक कांग्रेस प्रत्याशी थे, वो वार्ड में जिस भी घर वोट मांगने गए, वहां लोगों ने‌ कहा कि हम तो कमल को ही वोट देंगे क्योंकि यहां विधायक ने जो मूलभूत विकास कार्य करवाए हैं, भाजपा संगठन ने जिस तरह पिछले एक वर्ष में पार्षद विहिन इस वार्ड में हमारी समस्याओं के निराकरण में जो पहल की है, उससे हमारा वोट कमल को ही जाएगा।‌ तब मनोज ने जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन और मुझसे भाजपा प्रवेश की इच्छा जताई। दरअसल कांग्रेस के लोग‌ मनोज को प्रत्याशी बनाकर जैसे गायब हो गए, उससे मायूस मनोज ने यह निर्णय लिया। मनोज सिन्हा का मन कमल और भाजपा की ओर बढ़ा। इस वार्ड से भाजपा के प्रत्याशी चंदन‌ यादव निर्विरोध जीत गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *