नक्सल प्रभावित बस्तर में माओवादियों के खिलाफ चलेगा ऑपरेशन हंटर, CRPF की 40 बटालियन होंगी तैनात - Balaji 36 News

नक्सल प्रभावित बस्तर में माओवादियों के खिलाफ चलेगा ऑपरेशन हंटर, CRPF की 40 बटालियन होंगी तैनात


रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में ऑपरेशन हंटर ( Operation Hunter) के तहत सीआरपीएफ (CRPF) की करीब 40 बटालियन को तैनात किया जाएगा। हाल ही में छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजधानी रायपुर में नक्सली उन्मूलन के लिए अफसरों के बैठक में इस बात पर मंथन किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्लान है कि अगले 730 दिन में नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाए। सूत्रों के अनुसार शाह के प्लान पर सुरक्षा बलों ने काम शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ में आपरेशन हंटर के तहत सीआरपीएफ की लगभग 40 कंपनियां पहुंच रही हैं। इस बड़े ऑपरेशन के बाद छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के गढ़ कहे जाने वाले हर इलाके तक सुरक्षा बलों की पहुंच होगी।

बता दें कि पिछले दिनों में सुकमा के ऐसे इलाके, जिनकी पहचान नक्सलियों के बटालियन मुख्यालय के तौर पर होती रही है, वहां पर सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने कैंप स्थापित कर लिया है। सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने नया कैंप सुकमा बीजापुर जिले की सीमा पर दुलेड़ व मेटागुड़ा के बीच में स्थापित किया गया है। इस साल नक्सल प्रभावित इलाकों में करीब 44 नए सिक्योरिटी कैंप स्थापित होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह यह बात कह चुके हैं कि दो साल के भीतर देश का ऐसा कोई भी हिस्सा बचा न रहे, जहां पर नक्सलियों का प्रभाव हो। ऐसे इलाकों तक सुरक्षा बलों की पहुंच न हो। यही वजह है कि इस साल नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई प्रारंभ होने जा रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में नक्सली घटनाओं पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *