जगदलपुर। कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर ओलम्पिक आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संभाग के जिला खेल अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए आयोजन की प्रत्येक जिम्मेदारी पूरी जवाबदेही के साथ निभाई जाए।
कमिश्नर सिंह ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैदान, खिलाडिय़ों के ठहरने, पेयजल, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अभी से माकूल इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाडिय़ों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल संघों का सहयोग लेने की बात कही। साथ ही स्टेट एवं नेशनल स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाडिय़ों को आयोजन से जोड़कर उनके माध्यम से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी और सफल खिलाडिय़ों की सहभागिता से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी तथा उनमें आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का उत्साह पैदा हो
कमिश्नर ने बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में स्थानीय जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन होगा और आयोजन को व्यापक जनसहयोग एवं सहभागिता मिलेगी।