स्थानीय बाजारों से खरीदी करने और व्यापारियों को प्रोत्साहित करने का किया आह्वान
भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में आयोजित जनजागरूकता अभियान ‘आया त्योहार, चलो बाजार’ का आज भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को ऑनलाइन शॉपिंग के स्थान पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने के लिए प्रेरित करना तथा स्थानीय व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है।
कार्यक्रम में टाटा सोलर के प्रमुख अधिकारी एवं डिस्ट्रीब्यूटर टीम इटसा हॉस्पिटल की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुषमा जेठानी जी ,चेयरमैन श्री दिनकर बासोतिया,पुरषोत्तम टावरी, जय शर्मा,जी पी तिवारी,शंकर लाल देवांगन जी व गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना केवल व्यापारियों का सहयोग करना नहीं, बल्कि अपने शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए वर्ष का महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में आम नागरिकों को स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। स्थानीय बाजारों में खरीदारी से व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलता है, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और बाजारों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है।
अभियान के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए तैयार संदेश वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने का संदेश देगा और अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में भिलाई चेम्बर अध्यक्ष श्री गार्गी शंकर मिश्रा ने भी स्थानीय बाजारों से खरीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे स्थानीय व्यापारी वर्षभर ग्राहकों की सेवा करते हैं और त्योहारों के अवसर पर बाजारों को आकर्षक बनाने के साथ ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विशेष तैयारियां करते हैं। ऐसे में हमारा भी दायित्व है कि हम स्थानीय दुकानदारों का सहयोग करें और अपने शहर के बाजारों को समृद्ध बनाएं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस त्योहार पर खरीदारी के लिए अपने स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता दें। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और समाज के विभिन्न वर्गों को रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
‘आया त्योहार, चलो बाजार’ अभियान का संदेश स्पष्ट है—स्थानीय बाजारों से खरीदारी करें, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा दें और अपने शहर की आर्थिक समृद्धि में सहभागी बनें।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।