श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जुनवानी भिलाई में आईसेक्ट ट्रेनिंग एंड लर्निंग (अटल) अकादमी नई दिल्ली द्वारा आयोजित फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन महाविद्यालय के प्रबंधन एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिजनेस एनालिटिक्स फॉर मैनेजरियल डिसीजन मेकिंग विषय पर दिनांक 5 अक्टूबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 तक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ राजीव प्रकाश डायरेक्टर आईआईटी भिलाई, श्री गंगाजली शिक्षण समिति के चेयरमेन श्री आई पी मिश्रा, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अर्चना झा एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ संदीप जसवंत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के परंपरा अनुसार मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत पौधा और श्रीफल भेंट कर किया गया। राज्य गीत अरपा पैरी की धार से छत्तीसगढ़ महतारी का वंदन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अर्चना झा ने अपने स्वागत भाषण मे कहा कि आज टेक्नोलॉजी का जमाना है। ए आई का प्रयोग हर क्षेत्र में किया जा रहा है पर इसका सही उपयोग मानव जाति के बेहतर भविष्य के लिए किया जाना चाहिए। शिक्षकों और विद्यार्थियों को रिसर्च, तकनीकी, शिक्षा का उपयोग अपने शिक्षण को बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए करना चाहिए। समकालीन समय में इंटेलिजेंस की प्रासंगिकता के बारे में ज्ञान प्राप्त कर अपने व्यावहारिक एवं नैतिक जीवन में इसका प्रयोग करें।
डॉ संदीप जसवंत ने कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ए आई के माध्यम से मशीनों को मानव जैसी सीखने विश्लेषण करने तथा कार्यों को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए इससे हम कई कार्यो का पूर्वानुमान, व्यवहार को समझना, कार्य क्षमता को जानने, व्यवसाय का उद्देश्य प्राप्त करने, उत्पादन, स्टाफ कर्मचारियों एवं मार्केटिंग बजट का निर्णय आसानी से ले सकते हैं। इससे हमारे निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होती है।