– बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने राहत केम्प भी पहुंचे ग्राम भरदा के वार्ड 12 में नाली निर्माण की स्वीकृति
दुर्ग, 26 सितंबर 2026/ प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शनिवार 26 सितम्बर को गणेश विसर्जन स्थल शिवनाथ नदी पहुुंचकर विसर्जन व्यवस्था एवं बाढ़ की स्थिति का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल भी साथ मौजूद थे। मंत्री श्री यादव ने नदी में बढ़ रही पानी की स्तर को ध्यान में रखते हुए गणपति विसर्जन पर विशेष सावधानियां बरतने कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने अवगत कराया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी प्रभावित होने के कारण रात्रि से विसर्जन में विराम लगायी गई है। जल स्तर नीचे आने पर गणपति विसर्जन पुनः प्रक्रिया के तहत प्रारंभ करायी जाएगी। जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी के अलावा एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक एवं नागरिक विसर्जन प्रक्रिया में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। मंत्री श्री यादव ने इस दौरान गणपति विसर्जन के लिए पहुंचे नागरिकों से अपील की कि नदी के जल स्तर को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था में वे सहयोग प्रदान करें। विगत रात्रि से नदियों के जल स्तर बढ़ने से तटवर्ती लोगों को राहत केम्प में ठहराया गया है। यहां पर जिला प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से केम्प में रहने वालों के लिए समुचित प्रबंध किया गया है।
केबिनेट मंत्री श्री यादव पुलगांव के वार्ड-55 कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन राहत केम्प पहुंच कर उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। यहां पर महिला-पुरूष एवं बच्चे सहित 48 लोगों को ठहराया गया है। मंत्री श्री यादव ने केम्प में रह रहे लोगों से चर्चा कर भोजन एवं अन्य व्यवस्था की जानकारी ली। उन्हांेने राहत केम्प में रहने वालों को नदी के जल स्तर उतरने के बाद ही अपने निवास गृह जाने की सुझाव दिये। साथ ही राहत केम्प में स्वास्थ्य, प्रकाश, पेयजल, भोजन की समुचित प्रबंध करने अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान प्रभावित लोगों द्वारा पट्टे की मांग पर उन्हें गोकुल नगर स्थित घास भूमि को आवास हेतु आबंटित कराने आश्वस्त किया।
इसी कड़ी में मंत्री श्री यादव ने ग्राम भरदा के स्कूल में बनाये गये राहत केम्प का भी अवलोकन किया। यहां पर तांदुला एवं शिवनाथ नदी किनारे ईटभट्ठा एवं सब्जी बाड़ी में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल कर राहत केम्प में ठहराया गया है। मंत्री श्री यादव ने सरपंच श्रीमती सुनीता भारदीय एवं स्थानीय नागरिक श्री गोपाल पाड़े एवं ग्रामीणों से व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। केम्प में ठहरे लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त की। सरपंच की मांग पर मंत्री श्री यादव ने कलेक्टर को ग्राम भरदा के वार्ड-12 में वी-बी-जी-राम-जी अंतर्गत नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने कहा। उन्होंने ग्रामीण कृषकों की मांग पर फसल क्षति का सर्वे करा लेने की बाते भी कहीं। इसी प्रकार ग्राम चंगोरी में शिवनाथ नदी की जल स्तर बढ़ने से गांव की ओर पानी भरने ग्रामीणों द्वारा अवगत कराये जाने पर मंत्री श्री यादव ने कलेक्टर एवं एसएसपी से मातहत अधिकारियों/कर्मचारियों की जरिये स्थिति पर नजर रखने की बाते कही। इस अवसर पर नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, एसडीएम श्री महेश राजपूत, निगम के अतिरिक्त कमिश्नर, श्री मोहेन्द्र साहू एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ःः000ःः