भिलाई, 18 सितंबर 2026 । भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के निर्देशानुसार “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय संकल्प समारोह, युवा शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी, भिलाई में किया गया। यह अभियान 100 सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
दुर्ग जिले से महाविद्यालय का चयन गौरव का विषय राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा छत्तीसगढ़ के चयनित जिलों एवं संस्थानों में इस अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चयनित छह जिलों में दुर्ग जिले से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी, भिलाई को सौंपा जाना महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान की बात है। यह महाविद्यालय की (NSS) इकाई की सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्चना झा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवाओं के स्वस्थ भविष्य तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. वैभव तिवारी, रजिस्ट्रार, श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिर्विसीटी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास तथा समाज के समग्र विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर सामाजिक जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच के साथ समाज के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं (NSS) से जुड़े रहे वैभव सिंह चंदेल ने भी नशामुक्ति के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एव
सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए जागरूक करने का संदेश दिया।
निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अंतर्गत (NSS) स्वयंसेवकों द्वारा नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं गायन प्रस्तुति दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक होने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ वैभव तिवारी द्वारा विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण कराया गया तथा हस्ताक्षर एवं सेल्फी अभियान में सहभागिता दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिल्पा कुलकर्णी, ठाकुर रणित सिंह एवं उज्ज्वला भोंसले का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती माधुरी वर्मा द्वारा प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। उनकी कुशल संचालन शैली ने कार्यक्रम के सभी चरणों को सहज एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
कार्यक्रम का समापन नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प एवं जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। महाविद्यालय को दुर्ग जिले में इस राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर मिलना विद्यार्थियों एवं (NSS) स्वयंसेवकों के लिए सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
“नशामुक्त युवा स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव।”