*-रक्त एक ऐसी चीज है, जिसे आज भी इंसान ही इंसान को दे सकता है-कलेक्टर श्री सिंह*
*-युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया ब्लड डोनेट*
दुर्ग, 19 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सेठ आर.सी.एस. कन्या एवं वाणिज्य महाविद्यालय में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन नवदृष्टि फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान शिविर में भाग लिया और ब्लड डोनेट किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि आज हम टेक्नोलॉजी और विज्ञान के क्षेत्र में लगातार नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। विज्ञान ने ऐसी कई चीजें संभव कर दी हैं, जिनकी पहले कल्पना भी मुश्किल थी। लेकिन रक्त एक ऐसी चीज है, जिसे आज भी इंसान ही इंसान को दे सकता है। रक्त की आवश्यकता हम सभी को जीवन में कभी न कभी पड़ सकती है। ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता किसी के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। हमें रक्तदान के महत्व को समझना चाहिए और लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। हमारा छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा रक्त को बैंक में जमा बचत की तरह समझना चाहिए। जिस तरह हम भविष्य की जरूरतों के लिए बैंक में धन जमा करते हैं, उसी तरह रक्तदान भी समाज के लिए एक तरह की सामूहिक बचत है। उन्होंने कहा कि आज हम जो रक्तदान कर रहे हैं, जरूरी नहीं कि उसकी आवश्यकता हमें तुरंत पड़े। 10-20 सालों में हमें स्वयं या हमारे परिवार के किसी सदस्य को रक्त की जरूरत पड़े। उस समय युवाओं द्वारा दिया गया रक्तदान जरूरतमंदों की मदद करेगा। आज हमारा दिया हुआ रक्त किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचा सकता है और भविष्य में जरूरत पड़ने पर समाज भी हमारे लिए इसी भावना के साथ आगे आएगा। रक्तदान को केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का कार्य मानते हुए सभी को इसके लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज, नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य, प्राचार्या पूजा मल्होत्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे।
::000::