श्री श्री विश्वकर्मा पूजा 2026 के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे से भव्य लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में आयोजित होगा।
छत्तीसगढ़ की प्राचीन भव्यता से लेकर वर्तमान परिदृश्य तक की कालजयी यात्रा को विद्यालयीन प्रतिभाओं, स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों के समूह के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा एवं विविधताओं को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में लाइट, साउंड एवं लेजर की आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाएगा, जो प्रस्तुति को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा। तकनीक एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के समन्वय से तैयार यह कार्यक्रम दर्शकों के लिए एक विशेष अनुभव होगा।
श्री श्री विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा नगरवासियों एवं इस्पात बिरादरी से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेने की अपील की गई है।