रायपुर, 12 सितम्बर 2026: आम आदमी पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ नेता प्रदेश सचिव श्री देविंदर सिंह भाटिया को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह की लहर है।
श्री देविंदर सिंह भाटिया पार्टी के स्थापना काल से ही ‘मिशन बुनियाद’ से जुड़े रहे हैं। वे ऐतिहासिक जनलोकपाल आंदोलन के दौरान श्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों और विचारों से प्रभावित होकर भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में शामिल हुए थे। पार्टी के भीतर उन्होंने जिले, लोकसभा, प्रदेश स्तर के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी कई महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे विशेष रूप से संगठन निर्माण, पॉलिटिकल ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर, आरटीआई (RTI) प्रकोष्ठ और मीडिया प्रबंधन जैसे अहम विभागों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जनहित और आमजन के हक के मुद्दों को प्रखरता से उठाने में उनकी सक्रिय भूमिका लगातार रही है।
प्रदेश प्रवक्ता के रूप में श्री भाटिया पार्टी की जनहितैषी नीतियों, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महंगाई तथा भ्रष्टाचार मुक्ति जैसे बुनियादी मुद्दों को मीडिया और जनता के बीच मजबूती से रखेंगे।
वर्तमान में पार्टी निकाय चुनाव एवं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटी हुई है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और जनता के बीच मजबूती से पार्टी की बात रखने में श्री भाटिया का अनुभव बेहद अहम साबित होगा।
अपनी नियुक्ति पर श्री देविंदर सिंह भाटिया ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी व दिल्ली विधायक श्री मुकेश अहलावत, सह-प्रभारी श्री समर कुमार, प्रदेश संगठन एवं दुर्ग-राजनांदगांव संभाग के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
श्री भाटिया ने कहा, “पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसका निर्वहन मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करूंगा। आम आदमी पार्टी की विचारधारा जनता के अधिकारों, पारदर्शी शासन और सशक्त व्यवस्था के लिए समर्पित है। आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन विस्तार और छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज को हर स्तर पर बुलंद करने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।”
श्री देविंदर सिंह भाटिया को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
